1 November Bank Rules: देश के बैंक ग्राहकों के लिए 1 नवंबर 2025 से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। सरकार ने बैंकिंग लॉज अमेंडमेंट एक्ट 2025 के तहत कई नए नियम लागू कर दिए हैं जिनका सीधा असर आम लोगों के पैसों और खातों पर पड़ेगा। इन नियमों का मकसद बैंकिंग सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी, सुरक्षित और आसान बनाना है ताकि ग्राहकों को दावा निपटान यानी क्लेम सेटलमेंट में परेशानी न हो और उनके परिवारों को सुरक्षित सुविधा मिल सके।
1 November Bank Rules
नए बैंक नियमों के तहत अब हर ग्राहक अपने बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, लॉकर या सेफ कस्टडी में रखे सामान के लिए एक नहीं बल्कि चार नॉमिनी तक जोड़ सकेगा। पहले यह सुविधा केवल एक व्यक्ति के नाम पर होती थी लेकिन अब ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुसार चार नाम जोड़ने की छूट दी गई है। इससे किसी अनहोनी की स्थिति में पैसे का दावा करने में परिवार को मुश्किल नहीं होगी और बैंक जल्दी क्लेम सेटल कर पाएंगे।
आसान और पारदर्शी नॉमिनेशन प्रक्रिया
नए नियमों के बाद अब बैंक में नॉमिनेशन की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी होगी। ग्राहक चाहे तो सभी नॉमिनी को एक साथ नामित कर सकता है या क्रमवार यानी सक्सेसिव तरीके से भी कर सकता है। इसका मतलब है कि अगर पहला नॉमिनी नहीं रहता तो अगला नॉमिनी अपने आप हकदार बन जाएगा। वहीं अगर ग्राहक एक साथ चार लोगों को नॉमिनी बनाता है तो उसे हर व्यक्ति का प्रतिशत तय करना होगा ताकि कुल हिस्सेदारी 100 प्रतिशत हो सके।
सेफ्टी लॉकर और सेफ कस्टडी के लिए खास नियम
जो लोग बैंक में लॉकर या सेफ कस्टडी की सुविधा लेते हैं उनके लिए भी नियम बदले गए हैं। अब ऐसे मामलों में केवल क्रमवार नॉमिनेशन यानी सक्सेसिव तरीका ही मान्य होगा। यानी अगर पहला नॉमिनी नहीं रहता तो अगला नॉमिनी अपने आप उस सामान का हकदार बन जाएगा। इससे विवाद और देरी की संभावना कम होगी।
ग्राहकों को मिलेगा ज्यादा अधिकार
सरकार का कहना है कि इन नए नियमों से ग्राहकों को अपने पैसों पर ज्यादा नियंत्रण मिलेगा। पहले नॉमिनी बदलने या जोड़ने की प्रक्रिया काफी जटिल थी लेकिन अब इसे आसान किया गया है। साथ ही यह बदलाव सभी बैंकों पर एक समान तरीके से लागू होंगे ताकि ग्राहकों को किसी भी बैंक में अलग-अलग नियमों से न गुजरना पड़े।
परिवारों को मिलेगा सुरक्षा का भरोसा
इन नए बैंक नियमों से बैंक ग्राहक और उनके परिवार दोनों को राहत मिलेगी। अगर किसी ग्राहक की मृत्यु हो जाती है तो परिवार के सदस्यों को अब दावा करने में पहले जैसी लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। सरकार चाहती है कि हर व्यक्ति के जमा पैसे का सही लाभ समय पर उसके परिवार को मिल सके और बैंकिंग सिस्टम में लोगों का भरोसा बना रहे।
नवंबर 2025 से लागू होने वाले ये नए बैंक नियम आम लोगों की सुविधा के लिए हैं। इसलिए अगर आपके पास बैंक खाता, एफडी या लॉकर है तो अपने नॉमिनी की जानकारी समय पर अपडेट कर लें ताकि आगे कोई परेशानी न हो।